रायपुर में मानवता की अनूठी मिसाल: अस्पताल में भर्ती जरूरतमंदों को मिला स्नेहपूर्वक आहार

पीड़ितों के चेहरों पर मुस्कान लाने का एक छोटा सा प्रयास: साहू परिवार
रायपुर, 06 जून 2026: राजधानी रायपुर के मेकाहारा हॉस्पिटल (दौ कल्याण सिंह मेमोरियल एवं पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सालय) स्थित कैंसर सेंटर में आज मानवता और सेवा की एक सुंदर तस्वीर देखने को मिली। निशा साहू परिवार द्वारा अस्पताल में इलाज करा रहे कैंसर पीड़ित मरीजों और उनके साथ आए परिजनों को स्नेहपूर्वक सुबह का नाश्ता वितरित किया गया।
गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों और दूर-दराज से आए उनके परिजनों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए साहू परिवार ने सुबह-सुबह मेकाहारा कैंसर सेंटर पहुंचकर पौष्टिक और ताजा नाश्ता बांटा। इस दौरान परिवार के सदस्यों ने मरीजों का हाल-चाल जाना और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की।
सेवा ही सबसे बड़ा धर्म: इस सेवा कार्य के संबंध में निशा साहू परिवार के सदस्यों ने कहा, "कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से लड़ रहे मरीजों और उनके परिजनों को न केवल इलाज, बल्कि समाज के संबल और अपनेपन की भी जरूरत होती है। अस्पताल में सुबह के समय मरीजों के परिजनों को नाश्ते या भोजन के लिए परेशान होना पड़ता है। हमारा यह एक छोटा सा प्रयास था ताकि उन्हें कुछ राहत मिल सके और उनके चेहरों पर थोड़ी मुस्कान लाई जा सके। भविष्य में भी हमारा परिवार इस तरह के सेवा कार्य जारी रखेगा।"
अस्पताल परिसर में नाश्ता पाकर मरीजों के परिजनों ने भी राहत की सांस ली और इस नि:स्वार्थ सेवा के लिए निशा साहू परिवार का सहर्ष आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर साहू परिवार के सदस्य, शुभचिंतक और अस्पताल के स्थानीय स्टाफ उपस्थित रहे।
Copyright 2024-25 HeadLinesChhattisgarh - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.