दुर्ग क्षेत्रीय परिवहन अधिकारियों के केबिन में दलालों का सीधा दखल, नोटों के बंडल लेते बाबू का वीडियो/मामला आया सामने

आम जनता परेशान; कलेक्टर, संभागायुक्त और परिवहन मंत्री केदार कश्यप से RTO के तबादले व ED/CBI जांच की मांग
दुर्ग।
क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) दुर्ग में इन दिनों अव्यवस्था और भ्रष्टाचार का बोलबाला है। एक ओर जहां क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO) अपने निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थित नहीं रहते, वहीं दूसरी ओर पूरे परिसर में दलालों का जमघट लगा रहता है। स्थिति यह है कि दलाल बेझिझक अधिकारियों के केबिनों में घुसकर सरकारी फाइलों और कागजों में फेरबदल करते साफ देखे जा सकते हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कार्यालय का पूरा तंत्र दलालों के इशारे पर काम कर रहा है। हाल ही में एक बाबू को एक व्यक्ति द्वारा नोटों का बंडल थमाते देखा गया है। चर्चा है कि उक्त व्यक्ति को RTO अधिकारी का खास 'गुर्ग/पुजारी' घोषित किया गया है, जो बाबू के साथ मिलकर दलालों से मोटी रकम वसूलता है। इस लेन-देन के बदले बिना किसी ड्राइविंग टेस्ट के आसानी से लाइसेंस जारी किए जा रहे हैं।
आम जनता बेहाल, कोई सुनवाई नहीं
RTO कार्यालय में अपनी बारी का इंतजार करने वाले आम नागरिकों की कोई सुनवाई नहीं हो रही है। नियमानुसार आवेदन करने वाले आम लोग चक्कर काटने को मजबूर हैं, जबकि दलालों को पैसे देने वालों का काम चुटकियों में हो रहा है। आम जनता में इस प्रशासनिक ढील और खुलेआम चल रहे भ्रष्टाचार को लेकर भारी आक्रोश है।
उच्च अधिकारियों और परिवहन मंत्री से गुहार
दुर्ग की त्रस्त जनता ने अब शासन-प्रशासन से सीधे दखल की मांग की है। नागरिकों ने जिला कलेक्टर दुर्ग, संभागायुक्त एवं प्रदेश के परिवहन मंत्री केदार कश्यप से गुहार लगाई है कि:
वर्तमान क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी का तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण किया जाए।
RTO कार्यालय में फल-फूल रहे इस बड़े भ्रष्टाचार के सिंडिकेट की ED (प्रवर्तन निदेशालय) या CBI से निष्पक्ष जांच करवाई जाए।
कार्यालय परिसर में दलालों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाकर आम जनता के कार्यों को पारदर्शी बनाया जाए।
Copyright 2024-25 HeadLinesChhattisgarh - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.