गुंडरदेही कांग्रेस पार्टी के कथित राजनीतिक संरक्षण में चल रहे अवैध कब्जों और नशाखोरी की खबरों को उजागर करने वाले पत्रकार हनू नायक की जान को खतरा पैदा हो गया है। इस गंभीर मामले को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो), भिलाई के जिला उपाध्यक्ष विशाल शाही ने पुलिस महानिरीक्षक (दुर्ग रेंज), संभाग आयुक्त (दुर्ग), पुलिस अधीक्षक (बालोद) और थाना प्रभारी (गुंडरदेही) को एक औपचारिक आवेदन सौंपकर मामले की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच और पत्रकार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष विशाल शाही ने बताया कि गुंडरदेही बस स्टैंड के पीछे मत्स्य सोसाइटी द्वारा एक भवन निर्माण करवाकर नशाखोरी को बढ़ावा दिया जा रहा था। जब निर्भीक पत्रकार हनू नायक ने इस खबर को प्रमुखता से प्रसारित किया, तो इस अवैध गतिविधि को चलाने वाले तत्वों में भारी आक्रोश फैल गया। खबरों से बौखलाए समाजविरोधी तत्वों ने पत्रकार हनू नायक को जान से मारने के संकेत और धमकियां दी हैं, जिससे स्थानीय मीडिया जगत में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है।
विशाल शाही ने कड़े शब्दों में कहा कि लोकतंत्र में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष पत्रकारिता का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। यदि किसी पत्रकार को अपने कर्तव्यों के निर्वहन के कारण राजनीतिक दबाव, धमकी, भय या झूठे मुकदमों में फंसाने की आशंका का सामना करना पड़ रहा है, तो कानून के शासन और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
भाजयुमो ने प्रशासन से निम्नलिखित प्रमुख मांगें की हैं:
उच्च स्तरीय जांच: पत्रकार हनू नायक द्वारा प्रस्तुत शिकायत की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच तुरंत शुरू की जाए।
सुरक्षा की गारंटी: जांच पूर्ण होने तक शिकायतकर्ता पत्रकार की जान-माल की पुख्ता सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
दोषियों पर कार्रवाई: यदि पत्रकार पर कोई राजनीतिक दबाव, धमकी अथवा झूठे प्रकरण में फंसाने का प्रयास पाया जाता है, तो संबंधित दोषियों के विरुद्ध विधि सम्मत कड़ी कार्रवाई की जाए।
पारदर्शिता: पूरे प्रकरण में पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता और कानून के अनुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
भाजयुमो नेता ने विश्वास जताया है कि पुलिस प्रशासन इस मामले में पूरी निष्पक्षता और न्यायोचित ढंग से कार्रवाई करते हुए लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की रक्षा करेगा।
Copyright 2024-25 HeadLinesChhattisgarh - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.