भिलाई, — भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) से जुड़े बहुचर्चित लोहा चोरी प्रकरण में पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए रसूखदार कारोबारी एवं वैशाली नगर मंडल के भाजपा कोषाध्यक्ष भास्कर मुदलियार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में अब तक जीएम (GM) और इंजीनियर एसोसिएट सहित कुल 17 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिला भिलाई ने भी कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए भास्कर मुदलियार को 6 वर्षों के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है। निष्कासन आदेश जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन द्वारा प्रदेश संगठन के निर्देशानुसार तत्काल प्रभाव से जारी कर दिया गया है।
पुलिस कार्रवाई एवं जांच के मुख्य बिंदु:
वाहनों की आड़ में खेल: पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी भास्कर मुदलियार की गाड़ियां लंबे समय से भिलाई इस्पात संयंत्र के अंदर संचालित हो रही थीं।
साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तारी: जांच के दौरान ठोस सबूत और संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और शनिवार को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
अब तक 17 गिरफ्तार: लोहा चोरी के इस संगठित नेटवर्क में मास्टरमाइंड, संयंत्र के वरिष्ठ अधिकारियों (GM, इंजीनियर) सहित अब तक 17 लोगों को सलाखों के पीछे पहुँचाया जा चुका है।
आगे की कार्रवाई: पुलिस प्रशासन का कहना है कि पूरे सिंडिकेट और नेटवर्क की गहन जांच जारी है, जिसमें आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना है।
Copyright 2024-25 HeadLinesChhattisgarh - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.